जयपुर/नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया (एनयूजेआई) ने ऐलान किया है कि वह फेक न्यूज़ और फर्जी पत्रकारों के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी. यह ऐलान एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी ने रविवार को यहां जयपुर स्थित निम्स सभागार में चल रहे दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन पर किया. उन्होंने कहा कि इसी आंदोलन के साथ छोटे और मध्यम अखबारों की आर्थिक सहायता बढ़ाने के लिए भी सरकार से आग्रह किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि एनयूजेआई का आंदोलन किसी सरकार के खिलाफ नहीं है, यह आंदोलन पत्रकारिता और पत्रकार के संरक्षण, सुरक्षा, पत्रकार की आजीविका, स्वास्थ्य और उसके परिवार के यथोचित जीवन यापन के नीति निर्धारण को लेकर होगा ताकि पत्रकारिता की साख बरकरार रहे। रास बिहारी ने कहा कि आज पत्रकार अपने बच्चों को पत्रकार नहीं बनना चाहता. इससे समझा जा सकता है कि पत्रकारिता क्षेत्र की साख कितनी रही है,और यह भी सही है कि इसे बचाने के लिए मौजूदा पीढ़ी के पत्रकारों को ही आगे आना होगा.उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो दिल्ली में देश भर के पत्रकार पत्रकारिता की साख बचाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी करेंगे.इन सभी प्रयासों में सभी पत्रकार संगठनों को साथ रहने की अपील की गई है।

Posted By: विशेष संवाददाता