नई दिल्ली/यदि घुम्मकड प्रकृति के इंसान है और खासकर रोमांचकारी यात्रा के शौकीन तो बस आप अपना बैग तैयार कर लीजिये, क्योंकि हिमाचल रोडवेज ने पिछले 12 जून से दिल्ली दिल्ली के आईएसबीटी कश्मीरी गेट से कुल्लू मनाली के रास्ते लेह लद्धाख की यात्रा शुरू कर दी है. HRTC केलांग द्वारा चलाया जाने वाला यह बस रूट, जो किसी पहचान का मोहताज नहीं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सीधे लेह (लद्दाख) चलने वाली इस बस का यात्रियों को बेसब्री से इंतजार रहता है तो दिल्ली ISBT कश्मीरी गेट से यह बस रोज़ दोपहर 12:15 बजे चलती है.इस बस सेवा का ऑनलाइन बुकिंग अभी उपलब्ध नहीं है, आप दिल्ली ISBT या हिमाचल भवन (मण्डी हाऊस) से एडवांस बुकिंग करवा सकते हैं या प्रस्थान समय से पहले कन्डक्टर से टिकट ले सकते हैं. यह बस दिल्ली से चल कर बस पानीपत्त और अम्बाला के रास्ते शाम 5:30 बजे चण्डीगढ़ पहुँच जाती है. फिर चण्डीगढ़ सेक्टर 43 से चलने का समय शाम 6:10 बजे का है, चण्डीगढ़ से लेह जाने के लिए आपको बस कंडक्टर से मौके पर टिकट दिया जाएगा.आगे फिर रूपनगर, सुन्दरनगर और मण्डी होते हुए बस रात 12:30 बजे कुल्लू और रात 2 बजे मनाली से निकलती है और अटल टनल होते हुए सुबह 5 बजे यह बस केलांग पहुँच जाती है. वहीं केलांग में करीब आधा घण्टा रुकने के बाद 5:30 बजे बस लेह के सफ़र पर रवाना होती है. यहाँ सुबह हो जाती है और आप 17 घण्टे का सफ़र पूरा कर चुके होते हैं. इसके बाद ही शुरू होता है असली रोमांच, जब बस केलांग से चल कर बस जिस्पा, दारचा और सूरजताल होते हुए फिर बारालाचाला की चढ़ाई चढ़ती है.बारालाचाला समुद्र तल से 4850 मीटर ऊंचा माऊंटेन पास है जहाँ चारों तरफ बर्फ से ढ़की पहाड़ियां दिखाई देती हैं.यहाँ आकर सफर की थकान मानो मिट सी जाती है और मन तरोताज़ा हो उठता है. थोड़ा आगे चल कर भरतपुर में नाश्ता होता है और सरचू से फिर लद्दाख़ सीमा की शुरुआत होती है. गाटा लूपस के 21 हेअर पिन बैंड चढ़ कर नकिला व आगे लाचुंगला पार करने के बाद पांग में होता है दोपहर का भोजन, और 26 घण्टे बस में बीताने के बाद सबको नींद आ रही होती है मगर मुर्रे प्लेनस के नज़ारे सफर में नया रोमांच भर देते हैं.यह पचास किलोमीटर लम्बा सपाट मैदान है जो पहाड़ों से घिरा हुआ है. इसके बाद मनाली-लेह सड़क का सबसे ऊँचा दर्रा तंगलंगला आता है जो 5328 मीटर ऊंचा है. इसके आगे लगातार उतराई उतर कर सिन्ध नदी घाटी में उपशी होते हुए रात 8 बजे बस लेह पहुँच जाती है. किराए की बात करें तो दिल्ली से लेह का किराया 1660 रुपए चण्डीगढ़ से लेह का किराया 1380 रुपए मनाली से लेह का किराया 820 रुपए केलांग से लेह का किराया 670 रुपए निर्धारित किया गया है. यह बस 15 सितम्बर तक प्रतिदिन चलेगी।

Posted By: विशेष संवाददाता