नई दिल्ली/हरदयाल लाइब्रेरी की नई मैनेजमेंट कमेटी का आज गठन हो गया है. इस दौरान लाइब्रेरी की एक्स ऑफिसो अध्यक्ष मेयर शैली ओबरॉय की अध्यक्षता में वार्ड 217 से पार्षद प्रीति को सचिव चुना गया. इसके साथ ही वार्ड 72 से पार्षद उषा शर्मा को संयुक्त सचिव चुना गया. बता दें कि दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में आज हरदयाल लाइब्रेरी की मैनेजमेंट कमेटी के गठन को लेकर बैठक हुई.इसमें हरदयाल लाइब्रेरी की एक्स ऑफिसो अध्यक्ष और मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने छह सदस्य नामित किये गए थे,जिसमें कि वार्ड 217 से पार्षद प्रीति, वार्ड 72 से पार्षद ऊषा शर्मा, वार्ड 74 से पार्षद पुनरदीप सिंह सहानी, वार्ड 77 से किरन बाला, वार्ड 79 से मोहम्मद सादिक और वार्ड 227 से पार्षद शगुफ्ता चौधरी को सदस्य बनाया गया. इसके बाद मेयर शैली ओबरॉय ने सचिव के लिए प्रीति और संयुक्त सचिव के लिए ऊषा शर्मा को नामित किया। सभी सदस्यों ने प्रीति को सचिव और ऊषा शर्मा को संयुक्त सचिव बनाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव को मंजूरी दी. इस कमेटी के गठन के साथ ही अब हरदयाल लाइब्रेरी के कर्मचारियों को दिवाली से पहले सैलरी मिल जाएगी. इस मौके पर मेयर शैली ओबरॉय ने कहा कि हरदयाल लाइब्रेरी की मैनेजमेंट कमेटी का गठन कर दिया गया है. अब हमारा सबसे पहला उद्देश्य है कि कर्मचारियों को 2021 तक की सैलरी दिवाली से पहले मिल जाए.इसके बाद बाकी की सैलरी भी जल्द से जल्द जारी की जाएगी. वहीं मेयर ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि हरदयाल लाइब्रेरी में हुए घोटालों की जांच की जायेगी. नई मैनेजमेंट कमेटी के गठन के बाद हरदयाल लाइब्रेरी में हुए घोटालों की जांच कराई जाएगी.क्योंकि बड़े स्तर पर हरदयाल लाइब्रेरी के फंड का दुरुपयोग किया गया है. इसके अलावा कर्मचारियों की सैलरी के लिए दिए गए पूर्व में फंड का भी गलत इस्तेमाल किया गया. अयोग्य लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बिठाये जाने का भी आरोप मेयर के द्वारा लगाया गया।

Posted By: संवाददाता