नई दिल्ली/ दिल्ली में ज्यूडिशियल इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की दिशा में केजरीवाल सरकार रोहिणी सेक्टर-26, शास्त्री पार्क व कड़कड़डूमा में 3 नए कोर्ट कॉम्प्लेक्स बनवा रही है। मंगलवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डी.वाई चंद्रचूड़ ने इनकी आधारशिला रखी. इस मौक़े पर जस्टिस हिमा कोहली, दिल्ली हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनमोहन, दिल्ली हाई कोर्ट के जस्टिस व इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी के चेयरपर्सन राजीव शकधर, उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना व क़ानून मंत्री आतिशी भी मौजूद रही. बता दें कि, जनवरी में हुए एक्सपेंडिचर फाइनेंस कमिटी की बैठक में मंत्री आतिशी ने ₹1100 करोड़ की लागत से रोहिणी सेक्टर-26, शास्त्री पार्क व कड़कड़डूमा में कोर्ट काम्प्लेक्स बनाने की परियोजना को मंज़ूरी दी थी। इन तीनों कॉम्प्लेक्सों के पूरा होने के बाद दिल्ली के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में 200 नये कोर्ट रूम्स बढ़ेंगे और इससे क़ानूनी मामलों को तेज़ी से निपटाने में मदद मिलेगी। इस परियोजना में वकीलों की सुविधाओं का भी पूरा ख़्याल रखा गया है। इसके तहत रोहिणी काम्प्लेक्स में 362 लॉयर्स चेंबर वही शास्त्री पार्क काम्प्लेक्स में 250 लॉयर्स वर्क डेस्क बनेंगे.वही आतिशी ने कहा कि, अगले कुछ महीनों में हमें यहाँ दीवारें, खिड़कियाँ, कमरे बनते दिखाई देने लगेंगे.लेकिन इस देश के लोगों के लिए सिर्फ दीवारें और कमरे नहीं होंगे, ये इमारतें उनकी भारतीय संविधान पर भरोसे और न्याय की उम्मीद का प्रतिनिधित्व करेंगी. दिल्ली का, देश का हर वो नागरिक जो इन न्याय के मंदिरों में आएगा, वह इस विश्वास के साथ आएगा कि मैं भले ही अमीर न होऊं, और मैं शक्तिशाली न होऊं, लेकिन इस जगह मैं समान हूं, और यहीं मुझे मिलेगा न्याय. आतिशी ने कहा कि, दिल्ली सरकार की ओर से, मैं कहना चाहूँगी कि माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में, हम न्याय के इस वादे को पूरा करने और इस दिशा में सभी ज़रूरी सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. आतिशी ने बताया कि 1. 60 कोर्ट रूम कॉम्प्लेक्स, राउज़ एवेन्यू कोर्ट का उद्घाटन 2019 में किया गया। 2. साकेत, तीस हजारी और कड़कड़डूमा कोर्ट परिसरों में 144 कोर्ट रूम जोड़े गए। 3. दिल्ली उच्च न्यायालय के एस-ब्लॉक का निर्माण और पुनर्विकास किया गया। उन्होंने साझा किया कि, अब दिल्ली देश का पहला राज्य बनने की राह पर है जहां सभी जिला अदालतें जल्द ही हाइब्रिड मोड में काम करेंगी। और आज यह हमारे लिए गर्व का क्षण है क्योंकि हम 3 अदालत परिसरों - कड़कड़डूमा, शास्त्री पार्क और रोहिणी सेक्टर 26 की ₹1100 करोड़ की परियोजना पर काम शुरू कर रहे हैं। यह गर्व का क्षण है क्योंकि हम न्याय के वादे को पूरा करने की दिशा में एक औरकदम उठा रहे हैं।

Posted By: विशेष संवाददाता