नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार, नई दिल्ली के दिल्ली कैंट स्थित डीजी एनसीसी कैंप के प्रताप हॉल में आयोजित एनसीसी अचीवर्स अवार्ड 2026 समारोह में देशभर के 22 पूर्व एनसीसी कैडेटों को उनके उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने प्रदान किए, वहीं इस समारोह का आयोजन एनसीसी एलुमनी क्लब द्वारा किया गया. इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 22 पूर्व कैडेटों को सम्मानित किया गया, जिसमें सम्मानित होने वालों में चिकित्सा, शिक्षा, रक्षा, विज्ञान, कानून, पत्रकारिता, बैंकिंग, कॉरपोरेट, पुलिस, विमानन और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व एनसीसी कैडेट शामिल रहे.सम्मानित व्यक्तियों में मेजर जनरल (डॉ.) जे.के.एस. परिहार, ब्रिगेडियर राजेश कुमार शर्मा, प्रो. सुभाष कुमार सिंह, हिरेन व्यास, कैप्टन विनीत सोनी, एडवोकेट प्रियदर्शनी राहुल, सुनीत वार्ष्णेय, डॉ. निखिल कुमार, सुनील दत्त, फाल्गुनी तालवेल्कर, कुलवंत सिंह कलसी, ऋषि राज, अनुज यादव, प्रमोद कुमार, डॉ. उर्मिल सिंह, डॉ. विनोद कुमार, लोकेंद्र सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ. बादल संभाजी लाड, अश्विन बालवडा, फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुण्य नानजप्पा, डॉ. किरण कुमार और कर्नल बृजमोहन राय मेहता शामिल रहे. समारोह में व्यक्तिगत पुरस्कारों के अलावा तीन सक्रिय एनसीसी कॉलेजों को भी सम्मानित किया गया। ओवरऑल सक्रिय एनसीसी कॉलेज का पुरस्कार किरोड़ीमल कॉलेज, सक्रिय छात्रा एनसीसी कॉलेज का पुरस्कार एसजीटीबी खालसा कॉलेज तथा सक्रिय छात्र एनसीसी कॉलेज का पुरस्कार आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज को प्रदान किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स उपस्थित रहे.विशिष्ट अतिथियों में एडीजी-ए रियर एडमिरल आशीष भार्गव, एडीजी-बी मेजर जनरल विकास भारद्वाज, एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज एंड इंस्टीट्यूशंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट एस.के. शर्मा, एयर इंडिया के पायलट कैप्टन गौरव राठौर सहित एनसीसी एलुमनी क्लब के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन सीनियर जीसीआई निवा सिंह और मनीष तिवारी ने किया. इस अवसर पर अवार्ड चयन करने वाली जूरी के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण द मान स्कूल का बैंड रहा, जिसकी संगीतमय प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। एनसीसी एलुमनी क्लब के अध्यक्ष गिरीश निशाना ने बताया कि एनसीसी स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाले इस सम्मान के लिए इस बार देशभर से 872 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसके बाद गहन मूल्यांकन के बाद जूरी समिति ने अंतिम रूप से 22 पूर्व कैडेटों का चयन किया।

Posted By: विशेष संवादाता