नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार, नई दिल्ली में चल रहे दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में आज सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए को अरुण जेटली स्टेडियम में वर्षा वाधित 15-15 ओवरों के मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी. आज के मैच में जीत के नायक कप्तान यश धुल रहे, जिन्होंने मात्र 47 गेंदों में नाबाद शतक जड़कर मैच एकतरफा बना दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही.सेंट्रल दिल्ली किंग्स के तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने शुरुआती झटके देते हुए विपक्षी टीम के शीर्ष क्रम को बिखेर दिया.नौवें ओवर तक पुरानी दिल्ली 6 का स्कोर 55 रन पर 5 विकेट हो गया था. इसके बाद रोहन राठी और आश्विनी चिल्लर ने पारी को संभालते हुए छठे विकेट के लिए 85 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. रोहन राठी ने 21 गेंदों में 46 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि आश्विनी चिल्लर ने 29 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। निर्धारित 15 ओवर में पुरानी दिल्ली 6 ने 7 विकेट पर 140 रन बनाए। सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से मनी ग्रेवाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं, गावनिश खुराना ने भी 22 रन देकर 2 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई. दूसरी तरफ 141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। यश धुल ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए केवल 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और नाबाद रहते हुए टीम को 9 विकेट से शानदार जीत दिलाई। इस आसान जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

Posted By: अशोक धवन