नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को हरित और आधुनिक बनाने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 200 नई शून्य-उत्सर्जन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही दिल्ली का इलेक्ट्रिक बस बेड़ा 5,000 के आंकड़े को पार कर गया। इस अवसर पर दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस सेवा, लेडीज स्पेशल बस सेवा और राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी शुभारंभ किया गया। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर... 3 जून और 16 जून 2026 को महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठकों में उपराज्यपाल द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप चिन्हित संवेदनशील और अधिक महिला यात्रियों वाले मार्गों पर लेडीज स्पेशल बसें शुरू की गई हैं। इन बसों में महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड मार्शल तैनात किए गए हैं, जबकि बसों का संचालन महिला स्टाफ द्वारा किया जाएगा। बसों में लगे पैनिक बटन को दिल्ली पुलिस की 112 PCR आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली से भी जोड़ा गया है। किसी आपात स्थिति में पैनिक बटन दबाए जाने पर सूचना तेजी से 112 PCR तक पहुंचेगी, जिससे महिला यात्रियों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की हुई शुरुआत.... नई 200 इलेक्ट्रिक बसों में 88 बारह मीटर की ईवी बसें और 112 नौ मीटर की DEVI ईवी बसें शामिल हैं। सभी बसें लो-फ्लोर और वातानुकूलित हैं। सरकार की योजना के तहत वर्ष 2028-29 तक दिल्ली की सभी DTC बसों को इलेक्ट्रिक करने और बस बेड़े को करीब 14,000 बसों तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली-करनाल ई-बस सेवा शुरू.... दिल्ली और हरियाणा के बीच स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली-कर्नाल ई-बस सेवा शुरू की गई है। इस मार्ग पर पांच वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी और प्रतिदिन दोनों दिशाओं में 10-10 यात्राएं निर्धारित की गई हैं। कश्मीरी गेट से कर्नाल तक किराया करीब 212 रुपये निर्धारित किया गया है। बस सेवा सिंघु बॉर्डर, राई, बहालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंडा और मधुबन जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। महिलाओं और छात्राओं के लिए 56 विशेष ई-बस सेवाएं लेडीज स्पेशल सेवा के तहत दिल्ली में कुल 56 समर्पित महिला ई-बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इनमें 15 अधिक मांग वाले मार्गों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप और 13 मार्गों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल ट्रिप शामिल हैं। इन सेवाओं से नेहरू प्लेस, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, आर.के. पुरम, कनॉट प्लेस, आईटीओ, दिल्ली सचिवालय, करोल बाग, कश्मीरी गेट और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख रोजगार एवं संस्थागत केंद्रों तक महिलाओं की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। वहीं यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल बसें हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलतराम कॉलेज, श्रीराम कॉलेज, एलएसआर, गार्गी कॉलेज, एआरएसडी और हंसराज कॉलेज सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रमुख संस्थानों तक छात्राओं की आवाजाही को आसान बनाएंगी। राजघाट डिपो में ईवी चार्जिंग स्टेशन....... राजघाट डिपो-1 में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। स्टेशन पर 240 किलोवाट क्षमता वाले चार चार्जर लगाए गए हैं, जिनसे इलेक्ट्रिक बसों के साथ भारी वाणिज्यिक ईवी और इलेक्ट्रिक कारों को भी चार्ज किया जा सकेगा। इसके लिए 1,600 केवीए का कॉम्पैक्ट सब-स्टेशन स्थापित किया गया है। ‘गति शक्ति’ से बनेगा विकसित दिल्ली का आधार: एलजी उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘शक्ति की सप्तधारा’ के विजन में विकास के साथ बेहतर अवसर, मजबूत क्षमताएं, पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ‘गति शक्ति’ इस विजन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 200 नई इलेक्ट्रिक बसों और राजघाट डिपो में सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत स्वच्छ, हरित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रदूषण कम करने और दिल्ली की कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलेगी। ‘शक्ति की सप्तधारा’ के विजन पर आगे बढ़ रही दिल्ली: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसा सार्वजनिक परिवहन तंत्र विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार, इंटरस्टेट ई-बस कनेक्टिविटी, महिलाओं के लिए विशेष बसें और सार्वजनिक ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर दिल्ली को स्वच्छ, स्मार्ट और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में फरवरी में 500, मार्च में 300, अप्रैल में 200 और जुलाई में 300 नई ईवी बसें शामिल की गईं। अब 200 और इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने से दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 5,000 से अधिक हो गई है, जबकि कुल बस बेड़ा करीब 6,800 तक पहुंच गया है। 2028-29 तक 14 हजार बसों का लक्ष्य.... परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने लेडीज स्पेशल बस सेवा को रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों के लिए विशेष सौगात बताया। उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028-29 तक दिल्ली के बस बेड़े को करीब 14,000 बसों तक बढ़ाने का लक्ष्य है। मंत्री के अनुसार, ठोस कदमों और बेहतर संचालन के कारण DTC इस वर्ष लाभ में आया है। उन्होंने कहा कि निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

Posted By: विशेष संवाददाता