नई दिल्ली/दिन प्रतिदिन के आधिकारिक कामकाज में हिंदी भाषा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष अमित यादव ने एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में हिंदी विभाग द्वारा आयोजित एक समारोह में हिंदी प्रतियोगिता के 78 विजेताओं को पुरस्कृत किया इस मौके पर एनडीएमसी के अध्यक्ष अमित यादव ने बताया कि संविधान सभा ने 1949 में हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया और तब से हर साल 14 सितंबर को हम अपने सरकारी कार्यालयों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में मनाते हैं.यादव ने युवा पीढ़ी को हिंदी के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट, आई-पैड और मोबाइल फोन जैसे तकनीकी उपकरणों के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और दैनिक दिनचर्या के ऐप्स पर हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया, जिससे हिंदी तकनीकी माध्यम से अगली पीढ़ी में स्थानांतरित अपने आप होती चली जायेगी.एनडीएमसी काउंसिल के सदस्य कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि हिंदी भाषा हमारी संस्कृति , राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाली भाषा है और यह भारत की एक बड़ी आबादी के साथ-साथ विदेशी आबादी के लिए बातचीत का माध्यम है.यह हमारी विरासत, संस्कृति, समाज और अर्थव्यवस्था का भी माध्यम है। आजकल हिंदी युवाओं में देशभक्ति का माध्यम बनी हुई है. पालिका परिषद सदस्य विशाखा शैलानी ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी अपने जीवन में सहजता से हिंदी का प्रयोग करें तो हम इस दिन को हिंदी के प्रोत्साहन दिवस के रूप में नहीं बल्कि एक उत्सव के रूप में मनाएं , ऐसा प्रयास सबको मिलकर करना होगा.नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने अगस्त महीने में अपने कर्मचारियों के लिए हिंदी भाषण, कविता, निबंध और वाद-विवाद सहित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया था.इन प्रतियोगिताओं में इंजीनियरिंग, शिक्षा, प्रशासन, लेखा, वित्त, सूचना प्रौद्योगिकी, अग्नि एवं सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं जैसे विभिन्न स्तरों और क्षेत्रों के 1,000 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया. बच्चों के बीच हिंदी भाषा को मजबूत करने के लिए एनडीएमसी ने अपने स्कूलों में निबंध लेखन प्रतियोगिता, कविता पाठ प्रतियोगिता और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया.इन हिंदी प्रतियोगिताओं में 5000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया.प्रतियोगिता के प्रत्येक विजेता को नगद राशि 5,000, 3,500 , 2,500 रुपयों से प्रथम, द्वितीय और तृतीय रैंक के लिए क्रमशः प्रदान किये गए.अन्य को सांत्वना पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया, उनको प्रतियोगिता की प्रत्येक श्रेणी में 10 प्रतिभागियों को 1,000 रुपये का पुरस्कार भी दिया गया.अध्यक्ष एनडीएमसी अमित यादव द्वारा पुरस्कार राशि के साथ विजेताओं को एक स्मृति चिन्ह के साथ एक प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया है।

Posted By: विशेष संवाददाता