नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हर घर तिरंगा” अभियान से प्रेरित होकर दिल्ली के सदर बाजार में वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में भव्य तिरंगा मार्च का आयोजन किया गया। मार्च में सदर बाजार के सैकड़ों व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। तिरंगा मार्च कुतुब रोड, तेलीवाड़ा चौक, सदर बाजार से शुरू हुआ और कुतुब रोड चौक तथा सदर बाजार मेन मार्केट से होते हुए 12 टूटी चौक पर संपन्न हुआ। मार्च के दौरान “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा”, “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से पूरा सदर बाजार गूंज उठा। मार्च के आगे ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। जगह-जगह व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने तिरंगा लहराकर तथा पुष्पवर्षा कर मार्च का स्वागत किया। इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता, एकता, अखंडता और करोड़ों देशवासियों के सम्मान का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि सदर बाजार के व्यापारियों ने जिस उत्साह के साथ मार्च में भाग लिया, वह देश के प्रति उनके समर्पण और राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है। पम्मा ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान नागरिकों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की। तिरंगा मार्च में फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन (फेस्टा) के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव, कन्फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के महासचिव देवराज बवेजा, फेस्टा के सह-संयोजक पवन खंडेलवाल, महासचिव कमल कुमार और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल सहित अनेक व्यापारी नेता शामिल हुए। वहीं दविंदर जैन, जसविंदर सिंह, वरिंदर अरोड़ा, भूपेंद्र सिंह, हरजीत सिंह छाबड़ा, वरिंदर आर्य, कुलदीप सिंह, सुनील पुरी, राजेश कुमार, संदीप खन्ना, रमेश सचदेवा, दीपक निम्भल, सचिन गगन खन्ना, तरुण सोनी और अभय सभरवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि पूरे सदर बाजार को तिरंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बाजार का हर हिस्सा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भव्य तिरंगा मार्च ने सदर बाजार में राष्ट्रभक्ति, एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय गौरव का प्रेरणादायक संदेश दिया।

Posted By: संवाददाता