नई दिल्ली/भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTC)के 2007 सिविल सेवा बैच के अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने सोमवार पांच अगस्त को उत्तर रेलवे के नये मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है.इससे पहले हिमांशु उपाध्याय उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के पद पर कार्यरत थे. बता दें कि हिमांशु उपाध्याय मूल रूप से अंबेडकरनगर के रहने वाले हैं तथा प्रारंभिक शिक्षा अल्मोड़ा से प्रारम्भ करने के पश्चात इन्होनें इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर किया है. उपाध्याय प्रतिष्ठित डॉ. अमरनाथ झा छात्रावास के छात्र रहे हैं. उपाध्याय की छवि एक तेज तर्रार अधिकारी की रही है और इन्होनें उत्तर मध्य रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिसमें मंडल परिचालन प्रबंधक, झांसी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य)/ प्रयागराज मंडल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आगरा तथा उप मुख्य यातायात प्रबंधक सह स्टेशन निदेशक, कानपुर आदि शामिल हैं. गौरतलब है कि पिछले दिनों ही उत्तर रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी दीपक कुमार की अचानक हृदय गति रुक जाने के कारण आकस्मिक निधन हो गया था।

Posted By: अशोक धवन