नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,दिल्ली में कथित तौर पर खुलेआम हो रही नशे की बिक्री के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने मोर्चा खोल दिया है। कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने रविवार को कल्याणपुरी इलाके में धरना दिया। इसके बाद उन्होंने हजारों स्थानीय लोगों के साथ नारेबाजी करते हुए कल्याणपुरी थाने तक पैदल मार्च किया और इलाके में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पैदल मार्च का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में जगह-जगह नशा बिक रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं और नशे के बाद गंभीर अपराध कर रहे हैं। भारद्वाज ने पुलिस और सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। कल्याणपुरी को नशामुक्त करने की मुहिम शुरू करने का दावा विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि कल्याणपुरी को नशामुक्त करने की मुहिम की शुरुआत की गई है। उनके मुताबिक, दिल्ली में झुग्गियों, गलियों, मोहल्लों और ब्लॉक्स में कथित तौर पर खुलेआम नशे की बिक्री हो रही है। उन्होंने विशेष रूप से कल्याणपुरी, खिचड़ीपुर और दल्लूपुरा में नशे की बिक्री का आरोप लगाया। कुलदीप कुमार ने दावा किया कि बच्चे पार्कों में बैठकर नशा कर रहे हैं और इलाके में महिलाओं से छेड़छाड़ तथा हत्या जैसी घटनाएं भी हो रही हैं। उन्होंने पुलिस से सवाल किया कि जब पुलिस को क्षेत्र के एक-एक घर और मोहल्ले की जानकारी है तो अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। नशे के अड्डे बंद कराने और नशा करने वालों के पुनर्वास की मांग कुलदीप कुमार ने कहा कि पुलिस को तत्काल प्रभाव से कल्याणपुरी में कथित नशे के अड्डों को बंद कराना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को केवल गिरफ्तार करने के बजाय नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाया जाए और उनके पुनर्वास के साथ रोजगार की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पुलिस को अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई के निर्देश देने चाहिए। विधायक के मुताबिक, जब तक नशे के अड्डे बंद नहीं होते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल विधायक ने आरोप लगाया कि उनके मार्च से पहले ही थाना प्रभारी और जिम्मेदार अधिकारी वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि पुलिस को पहले से पता था कि लोग मार्च करते हुए थाने पहुंचने वाले हैं, इसके बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। कुलदीप कुमार ने कहा कि कल्याणपुरी थाना लोगों की सुरक्षा के लिए बना है, न कि नशे के कारोबार को संरक्षण देने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नशे के कथित अड्डे बंद नहीं किए गए तो अगली बार आंदोलन मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली अपराध और नशे की राजधानी बनती जा रही है, इसके साथ ही कुलदीप कुमार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी सरकार में दिल्ली में अपराध और नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने की मांग की।

Posted By: क्रांइम रिपोर्टर