आजमगढ़/मूकसत्ता समाचार, आजमगढ़ जिले के थाना फूलपुर पुलिस ने मारपीट एवं जान से मारने की धमकी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक डंडा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम कुशहा निवासी मो. सैफ ने 27 अगस्त को थाना फूलपुर में तहरीर दी थी। आरोप है कि 26 अगस्त को उनके पिता मो. तैय्यब घर से भैंस का गोबर बाहर फेंक रहे थे। इसी दौरान अबू हम्जा ने गोबर बाहर फेंकने से मना करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर अबू हम्जा, अतिकुर्रहमान उर्फ अतीक और मो. उमर ने मो. तैय्यब के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर मो. सैफ अपने दोस्त मो. सारिक के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि घटना के संबंध में पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मामले में थाना फूलपुर पर मु0अ0सं0 268/2026, धारा 109(1)/115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार द्वारा की जा रही है। इब्राहिमपुर मोड़ से हुई गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ 27 अगस्त को करीब 09:30 बजे इब्राहिमपुर मोड़ से दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. उमर पुत्र अतिकुर्रहमान उर्फ अतीक, उम्र करीब 19 वर्ष तथा अतिकुर्रहमान उर्फ अतीक पुत्र सुहेल, उम्र करीब 42 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सतुवहिया, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही/कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक डंडा बरामद किया है। दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में उ0नि0 सतेन्द्र कुमार, का0 अनुपम सिंह, का0 मुनीब यादव एवं का0 अरविन्द कुमार, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ शामिल रहे। मूकसत्ता समाचार

Posted By: क्रांइम रिपोर्टर