नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विश्वविद्यालय के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों तथा प्रमुख मार्गों पर 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। यह जानकारी दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद सहित प्रॉक्टर कार्यालय की टीम मौजूद रही। प्रो. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि डूसू चुनाव में लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन दिल्ली पुलिस के सहयोग से प्रमुख मार्गों, वाहनों और चुनावी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब एक महीने से चल रही मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और वाहनों के जमावड़े पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल डिफेसमेंट यानी सार्वजनिक स्थानों पर अनधिकृत पोस्टर-बैनर लगाने की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और पुलिस ने मिलकर विद्यार्थियों को चुनाव संबंधी नियमों के बारे में जागरूक किया है। विद्यार्थियों को स्पष्ट रूप से बताया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के साथ-साथ चुनाव भी प्रभावित हो सकता है। प्रिंटेड पोस्टर और पर्चों पर प्रतिबंध प्रॉक्टर ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए छपे हुए पर्चे और पोस्टर लगाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। विश्वविद्यालय परिसर में हाथ से लिखे पोस्टर केवल निर्धारित ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ पर ही लगाए जा सकेंगे। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी 54 कॉलेजों के प्राचार्यों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने कॉलेजों में 10×10 फुट की दो ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ तैयार करें। इनमें से एक डूसू चुनाव और दूसरी कॉलेज कमेटी के चुनाव से संबंधित प्रचार के लिए निर्धारित की जाए। चुनाव प्रचार में केवल पांच विद्यार्थी जा सकेंगे प्रो. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उम्मीदवार के चुनाव प्रचार के लिए पांच से अधिक विद्यार्थी एक साथ नहीं जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि महिला कॉलेजों में प्रचार के लिए केवल छात्राएं ही जा सकेंगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि उम्मीदवारों के वाहनों में शराब अथवा मादक पदार्थ पाए जाने पर तत्काल नामांकन रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान और चुनाव के बाद भी छात्राओं की सुरक्षा विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। उत्तरी और दक्षिणी परिसरों के आसपास स्थित पीजी क्षेत्रों में भी असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जाएगी। इस अभियान में एनसीसी और एनएसएस कैडेटों को भी शामिल किया जाएगा। प्रॉक्टर ने कहा, “हम किसी को सजा देना नहीं चाहते। हमारा उद्देश्य लिंगदोह कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डूसू चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।” पुलिस की वाहनों और सोशल मीडिया पर भी नजर पत्रकार वार्ता में मौजूद दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि संभावित उम्मीदवारों को कम से कम वाहनों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि काले शीशे वाले वाहनों से लेकर गलत पार्किंग तक पर पुलिस की निगरानी है। चुनाव के दौरान नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। एसीपी राजेंद्र प्रसाद ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी रहेगी। दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम टीम ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मी वर्दी में और सादे कपड़ों में भी तैनात किए जाएंगे तथा परिस्थितियों के अनुरूप अतिरिक्त बल की व्यवस्था की जाएगी।

Posted By: मुख्य संवाददाता