नई दिल्ली/ मूकसत्ता, दिल्ली विश्वविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी और प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने मौरिस नगर के थाना प्रभारी के साथ मिलकर डूसू चुनाव 2025-26 के सुचारू संचालन हेतु दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय में डूसू पदाधिकारियों और छात्र प्रतिनिधियों के साथ गत दिवस एक बैठक बुलाई. डूसू चुनाव समिति और प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने छात्र प्रतिनिधियों को आगामी डूसू चुनाव 2025-26 के दौरान चलाए जा रहे विरूपण विरोधी अभियान के बारे में जानकारी दी. समिति ने प्रतिनिधियों को यह भी बताया कि वर्तमान डूसू चुनावों के दौरान पोस्टरों द्वारा विरूपण के प्रति ज़ीरो टोलरेंस बरती जाएगी. उम्मीदवारों को निर्धारित व्यय सीमा के भीतर प्रचार के लिए केवल हस्तनिर्मित पोस्टरों का ही उपयोग करना होगा। काले शीशे वाले या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की अनुमति नहीं है और उसे तुरंत जब्त कर लिया जाएगा. छात्र प्रतिनिधियों ने इस नोट को गंभीरता से लिया और आश्वासन दिया कि डूसू चुनावों में किसी भी प्रकार का विरूपण नहीं होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रत्येक कॉलेज में अलग wall of democracy उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर समिति ने ध्यान दिया और छात्र प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि कॉलेज चुनाव और डूसू चुनाव के लिए भी अलग से wall of democracy उपलब्ध कराने हेतु प्रत्येक कॉलेज को प्रस्ताव भेजा जाएगा. गौरतलब है कि विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने मुख्य चुनाव अधिकारी के साथ मिलकर डूसू चुनाव 2025-26 के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कॉलेजों के प्राचार्यों, विभागाध्यक्षों, छात्रावासों के प्रोवोस्ट/वार्डन, दिल्ली के डीसीपी/एसीपी/एसएचओ के साथ एक ऑनलाइन बैठक भी की है।

Posted By: प्रमुख संवाददाता