नई दिल्ली/उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक शोभन चौधुरी ने आज नई दिल्ली में पूजा उत्सव की तैयारियों -2023 के लिए मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए बताया कि रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ की सुगम निकासी हेतु उत्तर रेलवे द्वारा 377 फेरों वाली 34 विशेष रेलगाड़ियाँ चलाई जा रही हैं.इन विशेष ट्रेनों में प्रत्येक श्रेणी के यात्रियों को समायोजित करने के लिए 1326 सामान्य श्रेणी, 3328 शयनयान और 2513 एसी कोच सहित कुल 5980 कोच जोड़े जाएंगे.साथ ही, 69 ट्रेनों में 152 अतिरिक्त डिब्बे लगाकर यात्री वहन क्षमता में वृद्धि की जाएगी. ये विशेष रेलगाड़ियों की सेवाएँ उन लाखों यात्रियों को सेवाएँ प्रदान करेंगी जो इस त्योहार के दौरान अपने मूल स्थान की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं. बता दें इन 377 फेरों वाली 34 विशेष रेलगाड़ियों में से उत्तर रेलवे 13 रेलगाड़ियों के साथ 174 फेरे जबकि अन्य रेलवे 203 फेरों वाली 21 विशेष रेलगाड़ियाँ विभिन्न स्थानो के लिए चला रही हैं.दिल्ली/नई दिल्ली/आनंद विहार टर्मिनल जैसे स्टेशनों से देश भर के प्रमुख गंतव्यों जैसे कि पटना, छपरा, जोगवानी, सहरसा, जयनगर, कटिहार, गुवाहाटी, दरभंगा, गया,गोरखपुर, वाराणसी, बरौनी,रक्सौल, मुजफ्फरपुर, लखनऊ, कोलकाता, श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा, अमृतसर, सहारनपुर और अंबाला आदि के लिए रेल सेवाएँ चला रही है. अनारक्षित कोचों में यात्रियों के व्यवस्थित प्रवेश के लिए आरपीएफ कर्मचारियों की देखरेख में टर्मिनल स्टेशनों पर कतार बनाकर भीड़ को नियंत्रित करने के उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं. यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ कर्मी तैनात किए गए हैं. वहीं उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण स्टेशनों पर क्या मैं आपकी मदद कर सकता हूँ,बूथ चालू रखे गए हैं जहाँ यात्रियों की उचित सहायता और मार्गदर्शन के लिए आरपीएफ कर्मि और टीटीई तैनात रहेंगे,ऐन वक्त पर प्लेटफार्म नहीं बदला जाएगा।

Posted By: विशेष संवाददाता