नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में पुरानी दिल्ली 6 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 20 रन से हरा दिया. पुरानी दिल्ली 6 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 191 रन ही बना सकी. आर्यन और देव ने संभाली पारी पुरानी दिल्ली 6 को आर्यन गौर और समर्थ सेठ ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े. समर्थ सेठ ने 13 गेंदों में 25 रन बनाए। इसके बाद आर्यन गौर का साथ देने देव लाकड़ा क्रीज पर आए.दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 109 रन की शानदार साझेदारी की और नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.आर्यन गौर ने 42 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली, जबकि देव लाकड़ा ने 40 गेंदों में 66 रन बनाए। दोनों के आउट होने के बाद पुरानी दिल्ली 6 की पारी में कुछ समय के लिए विकेट गिरे, लेकिन टीम 211 रन का मजबूत स्कोर बनाने में सफल रही। नॉर्थ दिल्ली ने भी दी कड़ी चुनौती... 212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने भी तेज शुरुआत की. यश दाबास और कप्तान सार्थक रंजन ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े। दाबास ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 37 रन बनाए। उन्हें उद्धव मोहन की गेंद पर रोहन राठी ने कैच किया. इसके बाद सार्थक रंजन और यश भाटिया ने पारी को आगे बढ़ाया.दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े.भाटिया 22 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए.कप्तान सार्थक रंजन ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 51 गेंदों में 78 रन बनाए और टीम को जीत की दौड़ में बनाए रखा। आखिरी तीन ओवरों में पलटा मुकाबला नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 36 रन चाहिए थे और वैभव कंडपाल तथा अर्जुन रापरिया क्रीज पर थे. ऐसे समय में पुरानी दिल्ली 6 के गेंदबाजों ने शानदार संयम दिखाया. राजनीश दादर ने 18वें ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 2 रन दिए. इसके बाद नॉर्थ दिल्ली को 12 गेंदों में 34 रन की जरूरत थी.अजय अहलावत ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए अगले ओवर में केवल 10 रन दिए.अब स्ट्राइकर्स के सामने आखिरी ओवर में 24 रन का लक्ष्य था, लेकिन टीम इस चुनौती को पूरा नहीं कर सकी और 20 ओवर में 4 विकेट पर 191 रन ही बना पाई। इस तरह पुरानी दिल्ली 6 ने 20 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। आर्यन गौर और देव लाकड़ा की शानदार बल्लेबाजी के बाद आखिरी ओवरों में गेंदबाजों के संयम ने पुरानी दिल्ली 6 को DPL 2026 में महत्वपूर्ण जीत दिलाई।

Posted By: खेल संवादाता