नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 के महिला वर्ग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस महिला टीम को छह विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 123 रनों के लक्ष्य को 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्चना ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 49 रन बनाए। उन्होंने 44 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके लगाए। उनका साथ समायरा राघव ने बखूबी निभाया और 19 गेंदों पर नाबाद 20 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत तेज रही। शिवी शर्मा ने नौ गेंदों में दो चौकों की मदद से आठ रन बनाए, लेकिन तीसरे ओवर में सुमिति सोनी का शिकार बनीं। कप्तान आयुषी सोनी ने 25 गेंदों में 22 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल थे। उन्हें भी सुमिति सोनी की गेंद पर आर. प्रियदर्शिनी ने स्टंप आउट किया। नाजमा ने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज रिया शौकीन तीन रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद अर्चना और समायरा ने जिम्मेदारी संभाली और कोई और विकेट गिरने नहीं दिया। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 122 रन बनाए। निधि महतो ने 47 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 49 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं अरुशी गोयल ने 46 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 43 रन बनाए। दोनों ने मिलकर पारी को संभाला और अहम साझेदारी की। शुरुआत में दीक्षा शर्मा महज दो रन बनाकर आउट हो गई थीं, लेकिन निधि और अरुशी की साझेदारी ने टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। अंतिम ओवरों में मोनिका ने 12 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को 122 तक पहुंचाया। गेंदबाजी में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से नाजमा सबसे सफल रहीं। उन्होंने चार ओवर में महज 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अपेक्षा आनंद ने दो विकेट झटके। वहीं सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से सुमिति सोनी ने 2/28 का प्रदर्शन किया। हालांकि, नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की बल्लेबाजों ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए टीम को छह विकेट से जीत दिलाई और डीपीएल 2026 के महिला फाइनल में प्रवेश कर लिया।

Posted By: खेल संवाददाता