देहरादून/मूकसत्ता समाचार,उत्तराखंड अपने अब तक के सबसे बड़े फ्रैंचाइजी क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए तैयार है. बीसीसीआई (BCCI) के पूर्व उपाध्यक्ष और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के पूर्व सचिव माहिम वर्मा ने पहले ‘देहरादून टी-20 लीग 2026’ की सराहना करते हुए इसे राज्य के जमीनी स्तर के खिलाड़ियों का भविष्य बदलने वाला कदम बताया है.यह लीग 2 सितंबर से 9 सितंबर तक देहरादून की अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में खेली जाएगी. इसमें छह फ्रैंचाइजी टीमें ऋषिकेश ड्रैगन्स, डोईवाला किंग्स, मसूरी थंडर, हरबर्टपुर नाइटराइडर्स, विकासनगर धमाका और सेलाकुई स्ट्राइकर्स कुल 18 हाई-इंटेन्सिटी मुकाबलों में आमने-सामने होंगी. लीग के उद्देश्य और युवाओं पर इसके प्रभाव पर बात करते हुए माहिम वर्मा ने कहा, इस लीग का मुख्य मकसद हमारे स्थानीय खिलाड़ियों को ऐसा माहौल देना है जहां वे तेजी से निखर सकें। उत्तराखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन युवाओं को एक ऐसे बड़े मंच की जरूरत थी जहाँ वे दबाव में खेलना सीखें, प्रोफेशनल क्रिकेट का अनुभव लें और नजरों में आएं.लीग के सीईओ नवनीत मिश्रा ने तैयारियों और दीर्घकालिक दृष्टिकोण को साझा करते हुए कहा, हमने इंफ्रास्ट्रक्चर, लाइव ब्रॉडकास्ट और खिलाड़ियों की सुविधाओं के मामले में उच्चतम पेशेवर मानक बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा माहौल तैयार करना है जहां युवा खिलाड़ी सम्मानित महसूस करें और अपना सर्वश्रेष्ठ दें। खिलाड़ियों और फ्रैंचाइजियों का उत्साह देखकर हमें पूरा विश्वास है कि यह लीग क्षेत्र में क्रिकेट विकास का मजबूत आधार बनेगी।राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए यह लीग अनुभवी कोचों और दिग्गज खिलाड़ियों के साथ डगआउट साझा करने का बेहतरीन मौका है.माहिम वर्मा ने आगे कहा, जब 18-19 साल का कोई युवा खिलाड़ी अनुभवी घरेलू खिलाड़ियों के साथ डगआउट साझा करता है, तो उसकी सोच का दायरा बदल जाता है। वे बड़े मैचों का दबाव संभालना, मानसिक तैयारी और मैदान पर पेशेवर रवैया अपनाना सीखते हैं। यह अनुभव अनमोल है, जो उन्हें आगे बड़े स्तर पर खेलने का आत्मविश्वास देगा। युवा प्रतिभाओं के प्रदर्शन को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए सभी 18 मैच (15 लीग मैच, दो सेमीफाइनल और फाइनल) 'फैनकोड' (FanCode) पर लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे। माहिम वर्मा ने अपनी बात पूरी करते हुए कहा, "देशभर में लाइव प्रसारण का मतलब है कि ये खिलाड़ी सिर्फ अपनी फ्रैंचाइजी के लिए नहीं खेल रहे, बल्कि चयनकर्ताओं और दिग्गजों का ध्यान भी अपनी ओर खींच रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि यह पहला सीजन उत्तराखंड क्रिकेट के नए दौर की शुरुआत करेगा और आने वाले सालों में यहां के युवा राज्य का नाम रोशन करेंगे।

Posted By: खेल संवाददाता