नई दिल्ली/ शिरोमणि अकाली दल दिल्ली इकाई को उस समय बड़ी सफ़लता मिली जब आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सदस्य अवतार सिंह कालका बुधवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शिरोमणि अकाली में शामिल हो गए. बता दें कि पूर्व में वह लंबे समय तक पंथक सेवा दल के साथ दिल्ली की सिख राजनीति में सक्रिय रहे थे इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल व दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने सभी का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया. इस दौरान अवतार सिंह कालका ने कहा कि पंथ की बेहतरी के लिए पंथ की सर्वोच्च राजनीतिक जत्थेबंदी शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करना समय की मांग है. इसीलिए उन्होंने पंथ के व्यापक हितों के लिए आज अकाली दल में शामिल होने का निर्णय लिया. इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आज सिख समुदाय के लिए बहुत कठिन समय है और वर्तमान में केवल अकाली दल ही इन चुनौतियों से निपटने के लिए एकमात्र पंथक राजनीतिक दल है. जो शहीदों की पार्टी है. आज पूरे सिख समुदाय को एकजुट होकर पंथ विरोधी ताकतों को हराने के लिए साथ आना चाहिए. उन्होंने अवतार सिंह कालका का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा. वहीं इस मौके पर परमजीत सिंह सरना ने कहा कि दिल्ली में अकाली दल दिन-ब-दिन मजबूत होता जा रहा है और दिल्ली की संगत यह समझ रही है कि अकाली दल के बगैर सिख समस्याओं का कोई और समाधान नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि स.अवतार सिंह कालका के आने से पार्टी को दिल्ली में काफी मजबूती मिली है। इस मौके पर अवतार सिंह कालका के साथ संगत सिंह, पुनप्रीत सिंह, संत सिंह, मनप्रीत सिंह, बीबी अशप्रीत कौर और जगजीत सिंह भी अकाली दल में शामिल हो गये. इस मौके पर अकाली दल के वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़, जितेन्द्र सिंह साहनी, अनुप सिंह घुम्मन, बीबी रणजीत कौर,सुरिंदर सिंह दारा, सतनाम सिंह जग्गा, जितिंदर सिंह सोनू,सुखदेव सिंह रियात, मनकनदीप सिंह, मनमोहन सिंह नरूला, रमनदीप सिंह सोनू और जसमीत सिंह पीतमपुरा आदि मौजूद रहे।

Posted By: संवाददाता