नई दिल्ली। पंजाबी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फिल्म 'इश्कनामा' की टीम ने राजधानी दिल्ली के होटल द ललित में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म की पहली झलक मीडिया के साथ साझा की। इस दौरान फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं ने इसकी कहानी, भावनात्मक पक्ष और निर्माण से जुड़े अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की। फिल्म 'इश्कनामा' वर्ष 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सच्ची प्रेम कहानी से प्रेरित है। इसकी कहानी भारतीय पंजाब के सिख कवि निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा के इर्द-गिर्द घूमती है। बंटवारे का दर्द, सरहदों की मजबूरियां और अधूरा रह गया प्रेम इस फिल्म की कहानी का मूल आधार हैं। फिल्म में जय रंधावा और शहनाज़ गिल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं सौरभ सचदेवा और अंजुम बत्रा भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चारों कलाकार मौजूद रहे और उन्होंने फिल्म को लेकर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर अभिनेता जय रंधावा ने कहा कि "इश्कनामा सच्चे प्यार की कहानी है और मुझे पूरा विश्वास है कि यह फिल्म इतिहास बनाएगी। शुरुआत में इसे पंजाबी भाषा में रिलीज किया जाएगा और दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिलने पर इसे अन्य भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।" उन्होंने आगे कहा कि "पंजाब से बेहतर जगह 'इश्कनामा' के लिए कोई नहीं हो सकती। इसी मिट्टी ने मुझे पहचान दी है, जिसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। वर्षों से मिले दर्शकों के प्यार को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। शहनाज़ और अरविंद जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने इस फिल्म को और भी खास बना दिया है।" अभिनेत्री शहनाज़ गिल ने कहा कि "'इश्कनामा' केवल एक प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि उन जज़्बातों की कहानी है जिन्हें सरहदें भी रोक नहीं सकतीं।" प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म की संवेदनशील कहानी को पर्दे पर उतारने की चुनौती, अपने किरदारों और दर्शकों की अपेक्षाओं पर भी खुलकर बात की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे और फिल्म को लेकर उत्साह देखने को मिला। 'इश्कनामा' आगामी 24 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से दर्शकों को एक भावनात्मक, संवेदनशील और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी देखने की उम्मीद है।

Posted By: फ़िल्मी संवादाता