नई दिल्ली/राजधानी में दिनोंदिन बढ़ते हुए हवा में प्रदूषण और बढ़ते हुए डेंगू के मामले को लेकर मंगलवार को दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने बैनर व तख्तियां हाथ में लेकर महापौर शैली ओबेरॉय, निगम अधिकारियों व प्रशासन को चेताया. गौरतलब है कि जैसे ही निगम की बैठक शुरू हुई कांग्रेस के निगम पार्षद अपनी बात विस्तार से सदन में रखना चाहते थे. लेकिन महापौर ने उन्हें इजाजत नही दी तो पार्टी के सभी पार्षदों ने अपनी सीटों से उठकर वैल में जाकर निगम में बैठे अधिकारियों व प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे.कांग्रेस पार्षदों में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश, नाजिया खातून, शीतल, शगुफ्ता चौधरी, सबिला बेगम, हाजी जरीफ और समीर अहमद के अलावा निगम प्रभारी जितेन्द्र कुमार कोचर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जगजीवन शर्मा भी निगम में मौजूद रहे. गौरतलब है कि आज की निगम की बैठक में कांग्रेस के पार्षदों ने जानलेवा प्रदूषण व डेंगू को लेकर अपने गले में बैनर लटका रखें थे, जिसमें निगम से जवाब व हिसाब मांगा गया था. वहीं कांग्रेस पार्षदों की मांग थी कि दिल्ली में अस्थाई सफाई कर्मचारियों सहित निगम में सभी अन्य कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से पक्का किया जाए. पार्टी पार्षदों की यह भी मांग थी कि निगम में आवश्यकता अनुसार नए सफाई कर्मचारियों की भर्ती भी की जाए. बता दें कि कांग्रेस पार्षदों की नारेबाजी के बीच महापौर ने बिना चर्चा के ही एजेंडा पास कर दिया, जो गैर कानूनी है. हँगामे के बाद पत्रकारों से निगम में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने आरोप लगाया कि हमें जानबूझ कर नही बोलने दिया गया और महापौर शैली ओबेरॉय तानाशाही कर रही है.उन्होंने कहा कि चुने हुए पार्षदों को न बोलने देना लोकतंत्र की हत्या है, जिसे कांग्रेस सहन नही करेगी. उन्होंने कहा कि पार्षदों को दिल्ली की जनता के हक में आवाज उठाने अधिकार है, जिसका इस्तेमाल हम करते रहेंगे.उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम में भ्रष्टाचार पूरी तरह व्याप्त है जिसकी कोई जवाबदेही नही है. दूसरी तरफ निगम प्रभारी जितेन्द्र कुमार कोचर ने कहा कि दिल्ली गैस का चैंबर बन गई है, यहां सांस लेना भी दूभर हो गया है. दिल्ली में चिकनगुनिया, डेंगू व मलेरिया से जो मौते हो रही है उनके आंकड़े सार्वजनिक किए जाए.दमघोट देने वाला प्रदूषण दिल्ली में है, इस भयंकर प्रदूषण से राजधानी लगातार मौते हो रही है, इसका जिम्मेदार कौन है?दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम दमघोटू प्रदूषण की रोकथाम के लिए क्या कर रही है, जबकि पंजाब में पराली जलाने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे दिल्ली प्रभावित हो रही है. बता दें कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली में जवाब दो-हिसाब दो अभियान शुरु कर रखा है, उसी के अंतर्गत कांग्रेस के सभी निगम पार्षदों की बैठक में यह निर्णय लिया गया था. इस बैठक में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा, निगम के प्रभारी जितेन्द्र कुमार कोचर मौजूद थे।

Posted By: विशेष संवाददाता