नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार,दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के वार्ड कमेटी चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने कांग्रेस पर भाजपा का साथ देने का आरोप लगाया है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि दक्षिण जोन में कांग्रेस पार्षदों के वोट भाजपा को मिलने से भाजपा को बढ़त मिली, जबकि नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने रोहिणी और करोलबाग जोन में मिली जीत को पार्टी की एकजुटता और जनता के विश्वास की जीत बताया. सौरभ भारद्वाज ने प्रेस वार्ता में कहा कि दक्षिण जोन में आम आदमी पार्टी और भाजपा के पास 10-10 पार्षद थे, जबकि कांग्रेस के दो पार्षद थे.इसके बावजूद चुनाव परिणाम में भाजपा को 12 और आम आदमी पार्टी को 10 वोट मिले.उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पार्षदों ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया और कहा कि यह "दिल्ली में फिर कांग्रेस का हाथ भाजपा के साथ" होने का उदाहरण है. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपील की कि वे इस मामले में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव से जवाब मांगें। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले विधानसभा चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाया और अब एमसीडी में भी भाजपा की मदद कर रही है. वहीं, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बताया कि वार्ड कमेटी चुनाव में आम आदमी पार्टी ने रोहिणी और करोलबाग जोन में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर जीत हासिल की है। इसके अलावा वेस्ट जोन और सिटी एसपी जोन में उपाध्यक्ष पद पर भी पार्टी के उम्मीदवार विजयी रहे। करोलबाग जोन में राजन अरोड़ा स्थायी समिति सदस्य निर्विरोध चुने गए. नारंग ने कहा कि भाजपा मेयर के गृह क्षेत्र रोहिणी जोन में मिली जीत राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है और यह दर्शाती है कि जनता आज भी आम आदमी पार्टी की जनसेवा और विकास की राजनीति पर भरोसा करती है.उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी दिल्लीवासियों के हितों और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रखेगी. प्रेस वार्ता के दौरान अंकुश नारंग ने पार्षद विकास टांग के भाजपा में जाने पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खरीद-फरोख्त और केंद्रीय एजेंसियों के दबाव की राजनीति करती है.उन्होंने कहा कि विकास टांग को अपने मतदाताओं और दलित तथा मुस्लिम समाज के प्रति जवाब देना चाहिए कि उन्होंने भाजपा का साथ क्यों चुना।

Posted By: प्रमुख संवादाता