नई दिल्ली/मूकसत्ता समाचार, नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस को आठ विकेट से हरा दिया.टीम की इस जीत में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के साथ कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल की दमदार बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई. जीत के बाद नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के ऑलराउंडर मयंक डागर ने टीम के संतुलन, खिलाड़ियों की भूमिका और कप्तान सार्थक रंजन के शानदार फॉर्म की जमकर तारीफ की। डागर ने कहा कि टीम का संयोजन काफी अच्छा है और हर खिलाड़ी अपनी भूमिका को अच्छी तरह समझ रहा है। उन्होंने कहा, यह जीत हमारे लिए बहुत प्रभावी रही। पहले हमने गेंदबाजी से उन्हें रोक कर रखा और फिर लक्ष्य का आसानी से पीछा कर लिया।” डागर ने टीम के बेहतर तालमेल को जीत की बड़ी वजह बताते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी समझते हैं और टीम के बीच अच्छा तालमेल है। सार्थक रंजन की बल्लेबाजी की तारीफ मयंक डागर ने कप्तान सार्थक रंजन के शानदार फॉर्म को टीम के लिए बेहद सकारात्मक संकेत बताया। उन्होंने कहा कि रंजन जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह शानदार है। डागर के मुताबिक, दोनों ने अंडर-16 और अंडर-19 स्तर पर भी साथ क्रिकेट खेली है और उन्होंने रंजन को एक खिलाड़ी और इंसान के तौर पर आगे बढ़ते देखा है। रंजन ने मुकाबले में 30 गेंदों पर 57 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने वैभव कंडपाल के साथ पहले विकेट के लिए 106 रन की साझेदारी कर नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को मजबूत शुरुआत दिलाई। गेंदबाजी में डागर का शानदार प्रदर्शन इस मुकाबले में मयंक डागर गेंद से भी प्रभावशाली रहे। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए और वेस्ट दिल्ली लायंस के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। डागर ने अपने खास विकेट सेलिब्रेशन के बारे में बताया कि यह फुटबॉल स्टार पॉल पोग्बा से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार फुटबॉल देखना शुरू किया था, तब पोग्बा का यह सेलिब्रेशन उन्हें काफी पसंद आया था और इसी वजह से उन्होंने इसे अपनाया। लायंस ने बनाए 146 रन पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने 20 ओवर में 146/7 का स्कोर बनाया। टीम ने 36 रन की साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंकित कुमार के 10 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट होने के बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया और लायंस का स्कोर 59/5 हो गया। इसके बाद मयंक गुसैन और सोमबीर श्योकंद ने छठे विकेट के लिए 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। श्योकंद ने 24 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि गुसैन 28 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर टीम को 146 रन तक ले गए। कंडपाल ने दिलाई आसान जीत 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। कप्तान सार्थक रंजन और वैभव कंडपाल ने पहले विकेट के लिए 106 रन जोड़कर जीत की नींव रखी। रंजन के 30 गेंदों पर 57 रन बनाकर आउट होने के बाद भी कंडपाल ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से शानदार जीत दिला दी।

Posted By: खेल संवादाता